logo

सरायकेला में ‘मौसी’ कहकर 2 युवकों ने एक वृद्धा को रोका, फिर दिनदहाड़े गले से सोने की चेन झपटकर फरार

सरायकेला में ‘मौसी’ कहकर 2 युवकों ने एक वृद्धा को रोका, फिर दिनदहाड़े गले से सोने की चेन झपटकर फरार

सरायकेला-खरसावां: 
सरायकेला-खरसावां के शहरी इलाकों में चेन छिनतई की घटनाओं के बाद अब ग्रामीण इलाकों में भी अपराधियों के हौसले बढ़ते नजर आ रहे हैं। नीमडीह थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह पंचायत अंतर्गत बुरुडूंगरी लेंगडीह गांव में मंगलवार को बाइक सवार दो युवकों ने दिनदहाड़े 72 वर्षीय वृद्धा बावली सेन के गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी न्यू बायपास होते हुए एनएच-18 की ओर फरार हो गए।

“मौसी” कहकर वृद्धा से की बातचीत, फिर झपटी चेन
पीड़िता बावली सेन के अनुसार, सुबह करीब 10:43 बजे बाइक सवार दो युवक लेंगडीह गांव में नंद के घर की ओर से घूमते हुए पहुंचे। दोनों ने उन्हें रास्ते में रोककर बातचीत शुरू की और “मौसी” कहकर संबोधित किया। बातचीत करते हुए वे वृद्धा के घर के सामने तालाब के पास पहुंचे। इसी दौरान दोनों युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली।

चेन का कुछ हिस्सा टूटा, बदमाश बाकी लेकर फरार
छीनाझपटी के दौरान चेन का कुछ हिस्सा टूटकर वृद्धा के पास ही रह गया, जबकि बदमाश चेन का बाकी हिस्सा लेकर बाइक से फरार हो गए। वृद्धा ने शोर मचाते हुए “चोर-चोर” चिल्लाना शुरू किया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन दोनों तेज गति से बाइक चलाते हुए भागने में सफल रहे।

वर्ष 2021 में 66 हजार रुपये में खरीदी थी चेन
बावली सेन ने बताया कि उनके गले में करीब 12 ग्राम वजन की सोने की चेन थी, जिसे उन्होंने वर्ष 2021 में करीब 66 हजार रुपये में खरीदा था। घटना के बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर नीमडीह थाना प्रभारी एसआई रतन लाल मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता से घटना की जानकारी ली और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

घटना से ग्रामीणों में दहशत
दिनदहाड़े गांव में वृद्ध महिला से चेन छिनतई की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। खासकर गांव की महिलाएं और बुजुर्ग इस घटना से डरे-सहमे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Tags - Seraikela Kharsawan News Nimdih Chain Snatching Gold Chain Snatching Jharkhand Crime Rural Crime