logo

आदित्यपुर से दो नाबालिग छात्र लापता, सीसीटीवी में साथ जाते दिखे, पुलिस जांच में जुटी 

WhatsApp_Image_2026-08-01_at_1_13_52_PM.jpeg

सरायकेला-खरसावां

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र से शनिवार सुबह दो नाबालिग छात्रों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों छात्र घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना देते हुए दोनों की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। लापता छात्रों में अंश गुप्ता (14 वर्ष) साईं नगर, बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप कल्पनापुरी का रहने वाला है, साथ ही मोहम्मद अरशद भी लापता है। जानकारी के अनुसार दोनों छात्र जमशेदपुर में पढ़ाई करते हैं और एक ही कक्षा में अध्ययनरत हैं।

दोनों छात्र स्कूल बैग लेकर एक साथ जाते दिखे 

परिजनों के मुताबिक, अंश गुप्ता शनिवार सुबह करीब 5:23 बजे घर से निकले थे। इसके लगभग 12 मिनट बाद 5:35 बजे एस-टाइप मोड़ के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों छात्र स्कूल बैग लेकर एक साथ जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद दोनों का कोई पता नहीं चल पाया। दोनों छात्रों के एक साथ लापता होने से परिजन काफी चिंतित हैं। परिजनों का कहना है कि घर में किसी तरह का विवाद, डांट-फटकार या ऐसी कोई परिस्थिति नहीं थी, जिससे उनके अचानक घर से निकलने का कारण स्पष्ट हो सके। इसी वजह से परिवार किसी अनहोनी की आशंका को लेकर परेशान है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच में जुट गयी है और छात्रों के संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

जानकारी मिले तो तत्काल परिजनों या पुलिस को सूचना दें

परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों नाबालिगों की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की है। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि दोनों में से कोई छात्र कहीं दिखाई दे अथवा उनके संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी मिले तो तत्काल परिजनों या पुलिस को सूचना दें। सूचना देने के लिए फ़ोन नंबर भी जारी किए गए हैं 8235674475 और 8709849195 पर जानकारी दे सकते हैं। परिजनों ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति की छोटी-सी सूचना भी दोनों बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। थाना प्रभारी ने जानकारी दिया कि पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले को लेकर जांच कर रही है।

Tags - Two Minor Boys Missing Adityapur Police Search Operation