logo

सरायकेला : सरकारी परिसरों में तंबाकू खाया या थूका तो लगेगा 1,000 रुपए का जुर्माना, खुली सिगरेट बैन

WhatsApp_Image_2026-06-26_at_6_59_17_AM.jpeg

सरायकेला
तंबाकू के बढ़ते चलन को रोकने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ व नशामुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एनटीसीपी के तहत उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कोटपा  कानूनों को कड़ाई से लागू करने का फैसला लिया गया है। अब सरकारी परिसरों, स्कूलों और अस्पतालों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू का सेवन करने या थूकने पर 1,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही, जिले में खुली सिगरेट की बिक्री पर भी पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।परिसर में तंबाकू सेवन या थूकने पर लगेगा 1,000 रुपये का जुर्माना
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम कोटपा-2003 तथा झारखंड संशोधन अधिनियम-2021 के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालय, न्यायालय, विद्यालय और अस्पताल परिसर से 100 मीटर के दायरे में तंबाकू सेवन अथवा थूकने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।खुली सिगरेट की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध
उपायुक्त ने होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को अपने संस्थानों में निर्धारित मानक के अनुरूप "नो स्मोकिंग एरिया" का बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों पर भी एक हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा जिले में खुली सिगरेट की बिक्री पर भी रोक लगाने की बात कही गई। उपायुक्त ने कहा कि यदि कोई दुकानदार खुली सिगरेट बेचते पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कोटपा झारखंड संशोधन अधिनियम-2021 के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खाद्य पदार्थों के साथ तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने का निर्देश भी दिया गया।तंबाकू मुक्ति केवल स्वास्थ्य का मुद्दा नहीं
बैठक में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित निरीक्षण करेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने युवाओं से तंबाकू सेवन से दूर रहने और सार्वजनिक स्थलों को तंबाकू मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।

Tags - Saraikela Tobacco Control COTPA Act Jharkhand News NTCP