logo

गढ़वा में यात्री शेड में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

ुोीप1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के भवनाथपुर–केतार मुख्य मार्ग पर स्थित असनाबांध यात्री शेड में शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, शव के आसपास खून के धब्बे पाए गए हैं, जिससे युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि युवक के सिर में गोली मारी गई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सुबह जैसे ही यात्री शेड के पास शव मिलने की खबर फैली, आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।


पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है। घटनास्थल पर श्री बंशीधर नगर के एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन, केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, एसआई परवेज आलम सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।