logo

सरायकेला में ACB की बड़ी कार्रवाई, बैठक छोड़ रिश्वत लेने निकला बड़ा बाबू 5 लाख लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

acbbb2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भू-अर्जन विभाग के बड़ा बाबू प्रीतम आचार्य और एक कथित दलाल विनय तिवारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद जिला प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने भू-अर्जन विभाग में चल रहे कथित रिश्वतखोरी के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। उपायुक्त की मौजूदगी में चल रही बैठक के बीच बड़ा बाबू का बाहर निकलना और फिर रंगेहाथ पकड़ा जाना पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।


सूत्रों के अनुसार, भू-अर्जन से जुड़े एक अहम मामले को लेकर उपायुक्त की मौजूदगी में सोमवार को बैठक चल रही थी। इसी दौरान बड़ा बाबू प्रीतम आचार्य के मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसके बाद वे बैठक से बाहर निकले। आरोप है कि बाहर निकलते ही वे रिश्वत के लेनदेन में जुट गए।
इस दौरान पहले से घात लगाए एसीबी की टीम ने मौके पर ही उन्हें रंगेहाथ दबोच लिया। कार्रवाई यहीं नहीं रुकी, एसीबी की टीम ने गम्हरिया प्रखंड कार्यालय के पास से विनय तिवारी नामक कथित दलाल को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वह अपनी गाड़ी में बैठकर नकदी गिन रहा था, तभी टीम ने उसे धर लिया।

सूत्रों की मानें तो पूरा मामला जमीन से जुड़े एक बड़े सौदे से जुड़ा है, जिसमें करीब 40 लाख रुपये में डील तय होने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, इस सौदे के तहत पहली किस्त के रूप में करीब 5 लाख रुपये दिए जाने थे। हालांकि, पूरे मामले में अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो के एसपी श्रीराम सामद जमशेदपुर स्थित एसीबी कार्यालय पहुंचे हैं। फिलहाल एसीबी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Tags - acb acb sarikela 5lakh bribe arrested jharkhand news jharkhand corruption news