गढ़वा:
गढ़वा में संचालित द रिलेक्स स्पा-सेंटर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने छापा मारा. पदाधिकारी मौके पर पहुंचे तो स्पा-सेंटर का शटर बंद मिला, लेकिन थोड़ी छानबीन के बाद पता चला कि इसे भीतर से बंद किया है. भीतर स्पा-सेंटर का संचालन किया जा रहा था. छापेमारी दल में शामिल पदाधिकारियों ने सीढ़ियों के रास्ते भीतर जाकर शटर खोली तो कोई नहीं मिला.
स्थानीय लोगों ने जानकारी दी है कि मंगलवार तक स्पा-सेंटर का संचालन किया जा रहा था, लेकिन अचानक वहां सन्नाटा दिखा. सेंटर का संचालक और महिला स्टाफ गायब दिखा तो मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ. जांच में पता चला कि बोर्ड भी हटा दिया गया है.
छापेमारी के दौरान फरार हुआ स्टाफ
छापेमारी दल ने स्पा-सेंटर के भीतर से ताश की 5 गड्डियां, बिना नंबर वाली 2 बाइक, मसाज से संबंधित सामग्री, रेट-चार्ट और 4 बेड के अलावा कुछ जले हुए दस्तावेज जब्त किए हैं. एसडीएम ने जांच पूरी होने तक स्पा-सेंटल को सील करवा दिया है. बताया जा रहा है कि उक्त स्पा सेंटर किसी मुकुंद लाल नामक व्यक्ति का है, जो छापेमारी के दौरान मौके से फरार पाया गया.
समाचार पत्र से मिली थी जानकारी!
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि उन्हें समाचारों के माध्यम से उक्त केंद्र की जानकारी मिली थी इसलिए सरसरी तौर पर जांच आवश्यक थी. पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे आवश्यक विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.