द फॉलोअप डेस्क
BJP विधायक बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोरेन की अनुपस्थिति में खूंटी में टूटे पूल और सरकारी कामों को लेकर हमला बोला है। बाबूलाल मरांडी ने सरकारी कामों को ठप बताते हुए अपने एक्स हैंडल पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि "झारखंड में बीते कुछ दिनों से प्रशासनिक व्यवस्था ठप पड़ गई है। मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में अधिकारियों द्वारा सरकारी कार्यालयों में सारा कामकाज ठप कर सिर्फ सोशल मीडिया पर खानापूर्ति की जा रही है। खूँटी जिले में सिमडेगा-कोलेबिरा मार्ग पर पोलोल पुल भारी बारिश की वजह से ध्वस्त हो गया, जिससे आवागमन पूर्णतः बाधित हो चुका है। दो सप्ताह से अधिक समय बीतने के बावजूद जिला प्रशासन वैकल्पिक आवागमन या डायवर्जन की व्यवस्था नहीं कर पाई। इस रास्ते स्कूल आने जाने वाले बच्चों को सीढ़ी लगाकर करीब 25 फुट ऊपर पुल की चढ़ाई कर विद्यालय जाना पड़ रहा है"।
उन्होंने आगे लिखा है कि "हेमंत जी, यदि आम जनता की परेशानियों का निदान करने के लिए भी जिला प्रशासन को आपके ट्विटर संदेश का इंतजार करना पड़ रहा है तो सारे कार्यालयों को बंद कर देना ही उचित होगा। आपसे आग्रह है कि खूँटी उपायुक्त को अगर आपके सोशल मीडिया से निर्देश से ही उक्त रास्ते में वैकल्पिक आवागमन सुनिश्चित कराना है तो कृपया यह भी कर दीजिये ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न होकर उनका भविष्य बर्बाद होने से बच जाये और आमजन को भी यातायात की असुविधा न हो"।
जानकारी के लिए बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता और दिशोम गुरु कहे जाने वाले शिबू सोरेन की तबीयत की देखरेख में कई दिनों से दिल्ली में हैं। शिबू सोरेन फिलहाल कई दिनों से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं।