logo

सरायकेला में बारिश से कच्चा मकान भरभराकर गिरा, तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल

WhatsApp_Image_2026-08-14_at_10_18_15_AM.jpeg

सरायकेला 
सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद तीन महिलाएं मलबे में दबकर घायल हो गईं, जबकि दो बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मलबे में दबकर तीन महिलाएं घायल
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल महिलाओं की पहचान 62 वर्षीय हसीना बानो, 45 वर्षीय नाजनीन बानो और 25 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे से तीनों महिलाओं को बाहर निकाला और इलाज के लिए टीएनबी नर्सिंग होम पहुंचाया। यहां तीनों का उपचार चल रहा है और सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
लगातार बारिश से कमजोर हुआ था मकान
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण कच्चा मकान कमजोर हो गया था। अचानक मकान भरभराकर गिरने से घर में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हालांकि, हादसे में दो बच्चे सुरक्षित बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर पहुंची कपाली पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
जर्जर मकानों के सर्वे की मांग
इधर, लगातार बारिश को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मिल्लत नगर समेत आसपास के इलाकों में जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे मकानों में रहने वाले परिवारों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल राहत और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
 

Tags - Saraikela Kapali Heavy Rain House Collapse Jharkhand