साहेबगंज:
साहेबगंज जिले के बोरियो प्रखंड क्षेत्र के पुआल गांव में जर्जर कच्ची सड़क की समस्या से ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं। सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने 9 सितंबर को इसी कच्ची सड़क पर धान रोपकर विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी।

ग्रामीणों की चेतावनी के बाद गांव पहुंचे अधिकारी
लेकिन मामले की जानकारी मिलने के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईंद, कार्यपालक अभियंता देवीलाल हांसदा और प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेश्वर साव सोमवार की शाम पुआल गांव पहुंचे। अधिकारियों ने मांझी टोला से डिगरा टोला तक कीचड़ से भरी और जर्जर कच्ची सड़क का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई और जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।
.jpeg)
बारिश में कीचड़ और जलजमाव से बढ़ती है परेशानी
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि पुआल गांव के मांझी टोला और डिगरा टोला होते हुए आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक जाने वाली सड़क की स्थिति काफी खराब है। बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और पानी जमा रहने के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी बीमार लोगों और गर्भवती महिलाओं को होती है। कई बार उन्हें खटिया के सहारे कीचड़ भरे रास्ते से स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना पड़ता है।
.jpeg)
कई बार मांग के बावजूद नहीं बनी पक्की सड़क
गांव की मुखिया टेरेसिना मरांडी ने बताया कि पक्की सड़क निर्माण की मांग कई बार विभागीय अधिकारियों के सामने रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क पर जलजमाव के कारण ग्रामीणों में बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी रहती है।
.jpeg)
चुनाव में ग्रामीणों ने दिया था 'रोड नहीं तो वोट नहीं' का नारा
वहीं, ग्रामीण मंगल मुर्मू ने बताया कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान सड़क निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों ने 'रोड नहीं तो वोट नहीं' का नारा लगाते हुए विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने मतदान किया, लेकिन चुनाव के बाद भी सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं हुई।

एक महीने के अंदर शुरू होगा सड़क निर्माण कार्य
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण कार्य का शिलापट्ट नहीं लगाया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस संबंध में एसडीओ अमर जॉन आईंद ने बताया कि गांव में सड़क की स्थिति वास्तव में काफी खराब है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण का टेंडर स्वीकृत हो चुका है। पीएम जनमन योजना के तहत पुआल गांव में करीब 1.7 किलोमीटर सड़क निर्माण की प्रक्रिया एक महीने के अंदर शुरू कर दी जाएगी। साथ ही, गांव की अन्य एप्रोच सड़कों का काम भी पूरा कराया जाएगा।