logo

गिरिडीह में गैस की किल्लत को लेकर अफवाह, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़- घंटों लाइन में खड़े रहे लोग

ुहीग2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर बुधवार को अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। शहर से लेकर आसपास के इलाकों तक गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कई जगहों पर स्थिति ऐसी रही कि लोगों को घंटों इंतजार करने के बावजूद गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया। सुबह होते ही बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसियों पर पहुंच गए। देखते ही देखते एजेंसियों के बाहर भीड़ इतनी बढ़ गई कि व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया। महिलाएं, बुजुर्ग और कामकाजी लोग सभी सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े नजर आए। भीड़ और अव्यवस्था के कारण कई जगहों पर अफरा-तफरी की स्थिति भी बन गई।


स्थानीय लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चा तेजी से फैल रही है। इसके साथ ही कुछ एजेंसियों में स्टॉक खत्म होने की खबर ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। इसी आशंका के चलते लोग जल्द से जल्द गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों की ओर दौड़ पड़े। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों के कारण आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि वे कई घंटे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अभी तक सिलेंडर मिलने की कोई निश्चितता नहीं है। इससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।


वहीं गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि फिलहाल कुछ जगहों पर स्टॉक में कमी हो गया है, लेकिन जल्द ही नया स्टॉक पहुंचने वाला है। जैसे ही गैस की नई खेप आएगी, सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा। फिलहाल अफवाहों और आशंकाओं के बीच गैस एजेंसियों पर भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे प्रशासन और एजेंसी संचालकों के सामने व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।