द फॉलोअप डेस्क
आरकेएस कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं अध्यक्ष रामकृपाल सिंह की तबीयत गंभीर बनी हुई है। उन्हें इलाज के लिए पटना के प्रसिद्ध पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार रामकृपाल सिंह पिछले करीब 15 दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल गंभीर है, हालांकि इलाज जारी है। गौरतलब है कि रामकृपाल सिंह, आरकेएस कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रंजन कुमार के पिता हैं। रामकृपाल सिंह के नेतृत्व में आरकेएस कंस्ट्रक्शन ने झारखंड और बिहार में कई बड़े और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। इनमें रांची का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, झारखंड विधानसभा भवन सहित दर्जनों प्रमुख निर्माण परियोजनाएं शामिल हैं। उनके अस्वस्थ होने की खबर से निर्माण जगत और उनसे जुड़े लोगों में चिंता का माहौल है। शुभचिंतक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
