logo

RJD प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह को मिला प्रमाण पत्र, राज्य परिषद की बैठक में लिए गए कई अहम निर्णय

RJD5825.jpg

रांची
राजद के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष व विधायक संजय सिंह यादव को आज पार्टी कार्यालय, धुर्वा में आयोजित राज्य परिषद की बैठक के दौरान राज्य निर्वाचन पदाधिकारी गिरधारी गोप द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र, माला और बुके देकर उनका भव्य स्वागत किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संजय सिंह ने सभी जिला व प्रदेश पदाधिकारियों से आग्रह किया कि आपसी मतभेद समाप्त कर पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी संस्थापक लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना ही हमारी प्राथमिकता है।


बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय इस प्रकार हैं - 
1. जिलास्तरीय सम्मेलन:
सितंबर-अक्टूबर तक पार्टी 10 जिलों में सम्मेलन आयोजित करेगी। 5 जुलाई को पटना में राष्ट्रीय परिषद की बैठक और खुले सम्मेलन के बाद झारखंड में इसकी शुरुआत देवघर और जमशेदपुर से होगी। आगे चलकर 24 जिलों में चरणबद्ध ढंग से कार्यकर्ता सम्मेलन किए जाएंगे।
2. नगर निकाय चुनाव की तैयारी:
राजद नगर निकाय चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगी। सभी नेताओं को क्षेत्रवार जिम्मेवारी सौंपी जाएगी। विशेष रूप से रांची जिला को मज़बूत करने के लिए स्थानीय नेताओं को विशेष टास्क मिलेगा। पार्टी हर वार्ड में पार्षद पद जीतने के लक्ष्य के साथ जनसंपर्क अभियान चलाएगी।
3. संगठन विस्तार व राष्ट्रीय कार्यक्रम:
4 जुलाई को पटना में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा और 5 जुलाई को खुले सम्मेलन के बाद झारखंड में संगठन को सशक्त करने की दिशा में कार्य तेज़ किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष से वार्ता कर राज्य स्तर पर कार्यक्रमों को बल मिलेगा।


4. बिहार चुनाव में सहयोग:
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में झारखंड के राजद नेता और कार्यकर्ता जाकर गठबंधन उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे। जनसंपर्क के माध्यम से समर्थन जुटाने की रणनीति पर काम होगा।
बैठक में देवघर विधायक सुरेश पासवान, विधायक नरेश प्रसाद सिंह, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, महासचिव व मीडिया प्रभारी कैलाश यादव, प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार, युवा अध्यक्ष रंजन यादव, महिला अध्यक्ष मंजू शाह, पूर्व आईपीएस संजय रंजन सहित कई नेताओं ने संबोधन दिया। धन्यवाद ज्ञापन कलामुद्दीन खान ने किया। मौके पर श्रीराम यादव, श्यामदास सिंह, आबिद अली, अर्जुन यादव, सुधीर गोप, संतोष यादव, बबलू चंद्रशेखर, कमलेश यादव, गुलशन खातून, रामकुमार यादव, शाहबाज अंसारी, नवलकिशोर यादव, शंभु चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest