द फॉलोअप डेस्क, रांची
राजद ने भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में कथावाचक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बागेश्वर बाबा द्वारा आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी किए जाने तथा धार्मिक भावनाओं को आहत करने को लेकर धुर्वा थाने में प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन दिया है। आवेदन में कहा गया है कि मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित रामकथा के दौरान भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा, उनके खड़े होने के तरीके, कमर एवं गर्दन की मुद्रा तथा बांसुरी वादन के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई।

भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण दोनों ही सनातन धर्म के परम आराध्य एवं पूजनीय देवता हैं। दोनों के स्वरूप, लीलाओं एवं महिमा का अपना विशिष्ट धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। एक आराध्य देव की महिमा का वर्णन करने के लिए दूसरे आराध्य देव के स्वरूप अथवा व्यक्तित्व को कमतर प्रदर्शित करना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। उक्त कथनों का वीडियो सोशल मीडिया एवं विभिन्न समाचार माध्यमों पर प्रसारित हो रहा है, जिसके कारण भगवान श्रीकृष्ण में आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं एवं भक्तों में आक्रोश एवं असंतोष व्याप्त है। इसलिए सुसंगत धाराओं के तहत उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। एफआईआर दर्ज करने के लिए राजद प्रवक्ता कैलाश यादव की ओर से आवेदन दिया गया है।
