logo

राजधानी रांची में तेजी से फैल रहा कंजक्टिवाइटिस रोग, बच्चे ज्यादा हो रहे शिकार 

22.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 
राजधानी रांची में कंजक्टिवाइटिस यानी आइफ्लू तेजी से फैल रहा है। इस समस्या से सबसे ज्यादा कम उम्र के बच्चे पीड़ित हो रहे हैं। ऐसे बच्चे के स्कूल जाने पर यह रोग एक से दूसरे बच्चे तक पहुंच जा रहा है। ऐसे में स्कूलों द्वारा सख्त निर्देश जारी किया जा रहा है। पैरेंट्स से कहा जा रहा है कि अगर आपके बच्चे की आंख में जलन या लालिमा है, तो उसे स्कूल नहीं भेजें। दूसरी ओर रिम्स और सदर अस्पताल सहित प्राइवेट नेत्र चिकित्सालयों में कंजक्टिवाइटिस से पीड़ित मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गयी है। सोमवार को रिम्स के नेत्र विभाग के ओपीडी में इस रोग से ग्रस्त सात बच्चों को इलाज के लिए लाया गया। कई बच्चे स्कूल ड्रेस में ही अस्पताल पहुंच गये। 

तीन-चार दिन में ठीक हो जाता है रोग 

पूछे जाने पर सदर अस्पताल के नेत्र चिकित्सक डॉ वात्सल्य ने बताया कि कंजक्टिवाइटिस वायरल से संबंधित समस्या है। यह तेजी से एक से दूसरे में फैलता है। स्कूल में बच्चे एक साथ ज्यादा समय गुजारते हैं। एक दूसरे का पेन, पेंसिल और टिफिन बॉक्स का उपयोग करते हैं।  यही वजह है कि बच्चे रोग से तेजी से संक्रमित हो जाते हैं। लेकिन बहुत घबराने वाली बात नहीं है, क्योंकि तीन से चार दिन में यह रोग ठीक भी हो जाती है। फिर भी सावधानी और सतर्कता आवश्यक है। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N