द फॉलोअप डेस्क
बिहार के बोधगया में डोभी-पटना फोरलेन स्थित सिजुआ मोड़ के पास बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे खाद लदे ट्रक से तेज रफ्तार इंडिगो कार की सीधी टक्कर के बाद डीजल टैंक में विस्फोट हो गया और कार आग का गोला बन गई। कार में सवार चार युवक आग की चपेट में आ गए। हादसे में रांची निवासी आयुष्मान कुमार समेत तीन युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चौथा युवक ऋषभ कुमार गंभीर रूप से झुलस गया।

रांची का आयुष्मान मुजफ्फरपुर जा रहा था
बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों में एक की पहचान रांची निवासी संतोष सिंह के बेटे आयुष्मान कुमार के रूप में हुई है। वह कार से अपने ननिहाल मुजफ्फरपुर जा रहा था। कार में सवार अन्य दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। तीनों शवों को गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। गंभीर रूप से घायल ऋषभ कुमार वैशाली जिले के मधौल गांव का रहने वाला है। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उर्वरक लदा ट्रक अप्रोच सड़क से मुख्य मार्ग पर रॉन्ग साइड से चढ़ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार इंडिगो कार ट्रक के डीजल टैंक से टकरा गई, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ और दोनों वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि ट्रक का भी बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

पुलिस कर रही जांच, फरार चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना पर बोधगया थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायल युवक को बाहर निकाला गया और आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अन्य मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। फरार ट्रक चालक और खलासी की तलाश जारी है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।