द फॉलोअप डेस्क
रांची की जनता को जल्द ही जाम की समस्या से राहत मिलने वाली है। शहर में 2 बड़ी स्मार्ट सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इन दोनों सड़कों के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। पहली सड़क विवेकानंद स्कूल (पुरानी विधानसभा) से नयासराय रिंग रोड तक बनेगी। यह सड़क जगन्नाथपुर मंदिर के रास्ते से होकर गुजरेगी। करीब 8.2 किलोमीटर लंबी यह सड़क 6 लेन की एलिवेटेड स्मार्ट रोड होगी। इसमें करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। साथ ही भूमि अधिग्रहण भी किया जाएगा।
वहीं दूसरी सड़क कटहल मोड़ चौक से जगन्नाथपुर मंदिर होते हुए वाया आलम चौक, साईं मंदिर से विधानसभा पेरिफेरी लिंक तक बनेगी। यह 4 लेन सड़क होगी, जिस पर 338 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन दोनों परियोजनाओं को अब राज्य योजना प्राधिकृत समिति के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद इसे कैबिनेट में अंतिम मंजूरी के लिए रखा जाएगा। पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने बताया कि इन सड़कों के बनने से रांची की ट्रैफिक समस्या काफी हद तक कम होगी।
एलिवेटेड सिक्स लेन सड़क वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट के लिए काफी सहायक होगी। सड़क के दोनों तरफ दो लेन का सर्विस रोड भी बनेगा। रिंग रोड से शहर को सीधे जोड़ने में यह परियोजना अहम साबित होगी। इन स्मार्ट सड़कों से रांची को बेहतर यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार का तोहफा मिलेगा।