logo

रांची रेलवे स्टेशन से गायब 4 साल का मासूम साहिबगंज से बरामद, 5 संदिग्ध हिरासत में

रांची रेलवे स्टेशन से गायब 4 साल का मासूम साहिबगंज से बरामद, 5 संदिग्ध हिरासत में

रांची: 
रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से गायब हुए चार वर्षीय बच्चे को रांची पुलिस ने साहिबगंज पुलिस के सहयोग से सकुशल बरामद कर लिया है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बच्चे को साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाबूपाड़ा स्थित एक घर से बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें चार संदिग्ध तीनपहाड़ और एक राजमहल क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस सभी संदिग्धों को रांची लाकर पूछताछ करेगी।

ट्रेन बदलने के दौरान स्टेशन के बाहर से गायब हुआ था बच्चा
चुटिया थाना की महिला इंस्पेक्टर पूनम कुजूर ने बताया कि 24 सितंबर को बच्चे की मां दिलमेट राजवाड़े आंध्र प्रदेश के सलेम में काम करने के बाद अपने चार वर्षीय बच्चे के साथ छत्तीसगढ़ स्थित अपने घर लौट रही थी। यात्रा के दौरान ट्रेन बदलने के लिए वह रांची रेलवे स्टेशन पर उतरी थी। इसी दौरान स्टेशन के बाहर से उसका बच्चा अचानक गायब हो गया। काफी तलाश के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

साहिबगंज पुलिस के सहयोग से हुई बरामदगी
मामले की सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को बच्चे के साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद रांची पुलिस ने साहिबगंज पुलिस के सहयोग से बाबूपाड़ा स्थित एक घर में छापेमारी कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्चा वहां तक कैसे पहुंचा और इस घटना में उनकी क्या भूमिका है।

Tags - Ranchi Sahibganj Missing Child Child Rescue Jharkhand Police