logo

रांची में तेज आंधी से रूफटॉप शेड गिरा, बड़ा हादसा टला; कई वाहन क्षतिग्रस्त, आज भी बारिश के आसार

रांची में तेज आंधी से रूफटॉप शेड गिरा, बड़ा हादसा टला; कई वाहन क्षतिग्रस्त, आज भी बारिश के आसार

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार को अचानक बदले मौसम के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कडरू मेन रोड स्थित स्काईलाइन बिल्डिंग में बने एक रेस्त्रां के खुले रूफटॉप पर लगा शेड तेज हवा के कारण टूटकर नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि जिस समय यह शेड नीचे गिरा, उस वक्त वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि शेड गिरने से नीचे खड़ी चार कारें और छह दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज हवा और वज्रपात के दौरान यह घटना हुई, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उस समय लोग वहां मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।


दरअसल, सोमवार दोपहर बाद रांची के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवा, बादलों की गरज और बिजली के साथ वातावरण पूरी तरह बदल गया। तेज झोंकों के कारण कई जगहों पर कमजोर और अस्थायी ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार आज रांची में अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन के दौरान गर्मी के साथ बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।


मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि झारखंड समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ समय तक गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।