द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की सही आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी रोकने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय रूप से अभियान चला रहा है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के तहत जिले के वरीय अधिकारियों को लगातार गैस एजेंसियों के मालिकों से बैठक करने और आम नागरिकों तक घरेलू गैस सिलेंडर सही रूप से पहुँचाने के निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि कई स्थानों पर नागरिकों को गैस सिलेंडर मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है कि घरेलू उपयोग के लिए गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध हो सकें। इसके लिए जिला प्रशासन ने प्रखंड स्तर तक विशेष टीमों का गठन किया है और निगरानी के तहत सिलेंडरों का वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। आज उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश में जिले में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संगीता केरकेट्टा ने किया। निरीक्षण के दौरान जिले के विभिन्न होटलों, ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में औचक जांच की गई।
निरीक्षण में यह पाया गया कि अधिकांश प्रतिष्ठानों में भोजन बनाने के लिए लकड़ी के चूल्हे का उपयोग किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर व्यावसायिक गैस सिलेंडर और उपकरण जैसे कमर्शियल हीटर मौजूद थे, लेकिन घरेलू गैस सिलेंडरों के अनाधिकृत व्यावसायिक उपयोग का कोई मामला सामने नहीं आया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है और भविष्य में भी ऐसी छापेमारी लगातार जारी रहेंगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि रसोई गैस के दुरुपयोग या किसी भी अनियमितता की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
