द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला मुख्यालय स्थित नगर भवन में आगामी 24 एवं 25 मार्च को दो दिवसीय “पुस्तक परब सह सांस्कृतिक कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार जिला प्रशासन के समन्वय से शिक्षा विभाग एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा इसका आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है। नगर भवन में विभिन्न प्रकाशकों एवं संस्थाओं द्वारा पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, जेएसएलपीएस, यूथ एवं जेंडर तथा आजीविका से जुड़े विभागों द्वारा स्टॉल सह प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्राथमिक शिक्षा से जुड़े टीएलएम स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा झारखंड के रांची में खुल रहे अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय का स्टॉल भी लगाया जाएगा, जहां विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी।
24 मार्च को कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। इसी दिन राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों के स्कूली बच्चों द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी। अपराह्न 2 बजे से 5 बजे तक सरना आदिवासी ग्रुप द्वारा कला समागम, जनजातीय संस्कृति एवं कुड़ुख साहित्य के बदलते स्वरूप पर परिचर्चा होगी। पहले दिन का मुख्य आकर्षण महान समाज सुधारिका सावित्री बाई फुले की जीवनी पर आधारित मोनोलॉग नाटक होगा, जिसका मंचन अपराह्न 4 से 5 बजे तक किया जाएगा। 25 मार्च को पुस्तकों एवं कथा-कहानियों पर परिचर्चा, महिला कॉलेज द्वारा नुक्कड़ नाटक, मूवी स्क्रीनिंग तथा विभिन्न विद्यालयों मत्स्य कॉलेज, कस्तूरबा विद्यालय गुमला एवं एसएस बालिका विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण नटराज कला केंद्र द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक छऊ नृत्य होगा, जिसका मंचन अपराह्न 4 से 5 बजे तक किया जाएगा।

कार्यक्रम को व्यापक बनाने के उद्देश्य से 24 मार्च को बसिया के अनुमंडल पुस्तकालय मैदान तथा 25 मार्च को चैनपुर के बरवे मैदान में भी समानांतर आयोजन किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में भी सावित्री बाई फुले के जीवन पर आधारित मोनोलॉग नाटक विशेष आकर्षण रहेगा। इसके अतिरिक्त 25 मार्च को घाघरा प्रखंड मुख्यालय स्थित मध्य विद्यालय में भी इस विषय पर नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। दो दिवसीय इस महोत्सव में ओपन माइक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुस्तक प्रदर्शनी तथा विभागीय स्टॉल भ्रमण जैसी विविध गतिविधियां आयोजित होंगी। जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खान द्वारा बसिया, चैनपुर, गुमला एवं घाघरा के प्रशासनिक अधिकारियों और शिक्षा विभाग के बीआरसी कर्मियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, पुस्तक प्रेमियों एवं आम नागरिकों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।