logo

रांची : मौसीबाड़ी अपहृत अंश-अंशिका का 6 दिन बाद भी सुराग नहीं, जनआंदोलन तेज करने का फैसला

kailash4.jpg

रांची

मौसीबाड़ी खटाल मल्लारकोचा से अपहृत 5 वर्षीय अंश और 4 वर्षीय अंशिका का छह दिन बीत जाने के बावजूद कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से इलाके में चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर बुधवार (7 जनवरी) को एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनांदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया। बैठक अंश-अंशिका के पिता सुनील यादव की अध्यक्षता में हुई, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ रांची के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि बच्चों की सकुशल वापसी तक ठोस रणनीति के तहत आंदोलन जारी रखा जाएगा।
निर्णय लिया गया कि ‘अंश-अंशिका बचाओ संघर्ष समिति’ के बैनर तले सभी आगामी कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके तहत 35 सदस्यीय संयोजक मंडल का गठन किया गया, जिसमें राजद नेता कैलाश यादव को संयोजक बनाया गया है।


संयोजक कैलाश यादव ने कहा कि अंश और अंशिका का अपहरण न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन परिजनों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघर्ष समिति प्रशासन को सहयोग भी करेगी और जवाबदेही भी तय करेगी। कैलाश यादव ने रांची और राज्यवासियों से अपील की कि मानवता के नाते सभी लोग बच्चों की सकुशल घर वापसी के लिए दुआ करें। उन्होंने कहा कि यह मामला मानवीय संवेदना और नागरिक सुरक्षा से जुड़ा है, जिससे कोई भी जिम्मेदारी से नहीं बच सकता।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बड़े जनांदोलन की घोषणा से पहले एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेगा और पूरे मामले से उन्हें अवगत कराएगा। संघर्ष समिति ने बताया कि आगे संगठन का विस्तार किया जाएगा और प्रतिदिन बैठक कर आगामी रणनीति और कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी।


 

Tags -  Child Abduction Ranchi News Public Protest Missing Children Law and Order