logo

77 लाख मुआवजा, पत्नी को 32 हजार मासिक और बेटे को स्थायी नौकरी; टाटा मोटर्स  में 4 दिन तक चला आंदोलन समाप्त

77 लाख मुआवजा, पत्नी को 32 हजार मासिक और बेटे को स्थायी नौकरी; टाटा मोटर्स  में 4 दिन तक चला आंदोलन समाप्त

जमशेदपुर:

टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन के कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद शुरू हुई 4 दिनों की लड़ाई बुधवार रात करीब सात बजे समझौते के साथ समाप्त हो गयी। परिवार की तीन प्रमुख मांगों में मुआवजा, पत्नी की आर्थिक सुरक्षा और एक आश्रित को स्थायी नौकरी देने पर प्रबंधन ने सहमति दे दी। समझौते के तहत परिवार को करीब 77 लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा, मृतक की पत्नी पद्मावती को पति की बची हुई सेवा अवधि तक हर महीने लगभग 32 हजार रुपये दिये जायेंगे और उनके एक बेटे को कंपनी में स्थायी नौकरी मिलेगी। इतना ही नहीं, ड्यूटी के दौरान हुई दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच का भी विकल्प खुला रखा गया है। जांच में मामला आईओडी साबित होने पर कंपनी की ओर से 1.25 से 1.50 करोड़ रुपये तक की अतिरिक्त राशि दिये जाने का प्रावधान बताया गया है।

आंदोलन से कंपनी को हुआ आर्थिक नुकसान
इस समझौते तक पहुंचने की कीमत कंपनी को चार दिनों तक चले आंदोलन और उत्पादन ठप होने के रूप में चुकानी पड़ी। बुधवार को पहली बार प्लांट की ई-शिफ्ट में उत्पादन पूरी तरह बंद रहा। कंपनी के सभी सातों गेट बंद रहने के कारण करीब 9 हजार मजदूर और अधिकारी ड्यूटी पर नहीं पहुंच सके। रोजाना 400 से 450 वाहनों का निर्माण करने वाले प्लांट में कामकाज रुकने से कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। सुबह कर्मचारियों को लेकर पहुंचीं सेंट्रल ट्रांसपोर्ट की बसें गेट से ही वापस लौटा दी गयीं। कर्मचारियों को उनके घरों के आसपास उतारना पड़ा। मेटेरियल गेट बंद रहने से टेल्को-गोविंदपुर मार्ग पर पार्ट्स लेकर आने वाले वाहनों की कतार भी लग गयी।

आंदोलन को झामुमो का मिला था खुला समर्थन
मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा के खुलकर उतरने से आंदोलन को राजनीतिक और सामाजिक समर्थन मिला। बुधवार शाम करीब सात बजे जिला प्रशासन की पहल पर परिजनों को गेस्ट हाउस बुलाया गया। वहां हुई बातचीत में समझौते का रास्ता निकला। वार्ता में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह, प्रबंधन की ओर से आईआर हेड सौमिक रॉय और एचआर हेड प्रणव कुमार मौजूद थे। मृतक की पत्नी पद्मावती और दोनों बेटे विश्वनाथ तथा सहदेव पात्रो भी वार्ता में शामिल हुए। समझौते के बाद पद्मावती को सहमति पत्र सौंपा गया। इसके साथ ही चार दिनों से जारी आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

मृतक के बेटे को नौकरी के लिए दिया है विकल्प
नौकरी के मामले में भी परिवार को विकल्प दिया गया है। मृतक के बेटे ने मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की है। उसकी शैक्षणिक योग्यता को देखते हुए उसे अपनी पसंद के अनुसार व्हाइट कॉलर या ब्लू कॉलर श्रेणी में नौकरी चुनने का विकल्प मिलेगा। व्हाइट कॉलर श्रेणी चुनने पर तत्काल ऑफिसर ग्रेड में नियुक्ति होगी, जबकि ब्लू कॉलर श्रेणी में एक साल का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद स्थायी नौकरी दी जायेगी।

सुबोध पात्रो के साथ हुई दुर्घटना को IOD घोषित करने की मांग

सुबोध पात्रो की मौत का मामला हालांकि केवल मुआवजे और नौकरी तक सीमित नहीं है। परिजनों का कहना है कि 16 मार्च 2026 को ड्यूटी के दौरान तेल पर फिसलने से उन्हें चोट लगी थी। परिवार चाहता था कि इस दुर्घटना को आईओडी के रूप में दर्ज किया जाये और नियमानुसार मुआवजा मिले। समझौते में इस बिंदु पर उच्चस्तरीय जांच का विकल्प भी रखा गया है। परिवार चाहे तो किसी भी उच्च पदाधिकारी से मामले की जांच करा सकता है। जांच में दुर्घटना आईओडी साबित होने पर मृत्यु के मामले में मिलने वाली अतिरिक्त राशि 1.25 से 1.50 करोड़ रुपये तक हो सकती है। इस तरह मौजूदा समझौते के बावजूद जांच का नतीजा परिवार के लिए एक बड़े आर्थिक लाभ का रास्ता खोल सकता है।

टाटा मोटर्स में आंदोलन का श्रेय लेने की होड़ मची है
टाटा मोटर्स के सुबोध पात्रो प्रकरण में 4 दिनों से जारी आंदोलन के समझौते के साथ ही राजनीतिक श्रेय लेने की बहस भी शुरू हो गयी है। आंदोलन में झामुमो की सक्रिय भागीदारी और समझौते के बाद पार्टी नेताओं के बयानों पर आजसू ने सवाल उठाये हैं। वहीं, आंदोलन का नेतृत्व करने वाले मजदूर नेता बंटी सिंह ने किसी भी तरह की श्रेय की होड़ से इनकार करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना ही अपना मकसद बताया है। समझौते के बाद जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि पीड़ित परिवार ने न्याय की मांग को लेकर पार्टी से संपर्क किया था। परिजनों के आग्रह पर झामुमो ने अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ कंपनी गेट पर पहुंचकर उनके पक्ष में मजबूती से आवाज उठाई।

जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने भी स्पष्ट किया कि झारखंड में किसी मजदूर के साथ अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
दूसरी ओर, आंदोलन का नेतृत्व करने वाले मजदूर नेता बंटी सिंह ने राजनीतिक श्रेय लेने की बात को खारिज किया। उन्होंने कहा कि 4 दिनों तक आंदोलन चलाने के पीछे न तो राजनीति करना उद्देश्य था और न ही श्रेय हासिल करना। उनकी लड़ाई केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए थी।
 

Tags - Jharkhand NewsJamshedpur NewsSubodh PatroTATA Motors