द फॉलोअप डेस्क
रांची के टाटीसिल्वे रेलवे स्टेशन पर लाइन नंबर-3 में खड़ी एक ट्रेन में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सेना के जवान अजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से प्रयागराज के शाहपुर का रहने वाला है और वर्तमान में पटियाला स्थित 42 मीडियम रेजिमेंट में तैनात है। शुक्रवार को पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई, जबकि शनिवार को कोर्ट में उसका बयान दर्ज कराया जाएगा। जांच में पता चला है कि गुवाहाटी से नामकुम स्थित आर्मी हेडक्वार्टर के लिए सामान लेकर आई सेना की यह ट्रेन 15 दिसंबर को डिलीवरी के बाद अगले आदेश तक टाटीसिल्वे में खड़ी रखने के निर्देश पर लाइन नंबर-3 में खड़ी थी। अजीत सिंह इस ट्रेन की सुरक्षा में तैनात था। इसी दौरान गुरुवार को वहां खड़ी महिला को वह जबरन ट्रेन की खाली बोगी में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने रांची जीआरपी को बताया कि वह अनगड़ा से टाटीसिल्वे स्टेशन पहुंची थी। उसे रांची के लिए ट्रेन पकड़नी थी। शाम करीब 5:30 बजे सेना का जवान उसे जबरन खींचकर लाइन संख्या-3 में खड़ी ट्रेन में ले गया। बोगी का दरवाजा बंद कर दिया। फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जवान ने उससे मारपीट भी की।

महिला के शोर मचाने पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के जवान वहां पहुंची। गेट खुलवाने की कोशिश की तो आरोपी घबरा गया। काफी मशक्कत के बाद आरोपी ने गेट खोलकर भागने का प्रयास किया। लेकिन दो जवानों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी दोनों जवानों से भिड़ गए। इस दौरान आरपीएफ के दोनों जवानों को चोटें भी आईं। एक जवान के हाथ में तो दूसरे के कान में चोट आई है।