logo

लुगुबुरु महासम्मेलन की तैयारी तेज, ड्रोन-CCTV से होगी 24 घंटे निगरानी; 24 नवंबर को आएंगे मुख्यमंत्री

लुगुबुरु महासम्मेलन की तैयारी तेज, ड्रोन-CCTV से होगी 24 घंटे निगरानी; 24 नवंबर को आएंगे मुख्यमंत्री

बोकारो: 
Bokaro News:
संथाल समाज के सर्वोच्च तीर्थस्थल लुगुबुरु घंटाबाड़ी (धोरमगढ़) में 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय संथाल सरना धर्म महासम्मेलन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। देश-विदेश से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा ने अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में एसपी नाथू सिंह मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

देश-विदेश से पहुंचेंगे लाखों श्रद्धालु
उपायुक्त ने कहा कि लुगुबुरु घंटाबाड़ी झारखंड ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के संथाल समुदाय की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां देश के विभिन्न राज्यों के साथ नेपाल, भूटान सहित अन्य देशों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी 24 घंटे निगरानी
उपायुक्त ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र, मुख्य धार्मिक स्थल और लुगु बाबा गुफा तक जाने वाले पहाड़ी रास्तों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती होगी। भीड़ प्रबंधन के साथ मंदिर दर्शन और पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अस्थायी अस्पताल और 24 घंटे एंबुलेंस की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस अस्थायी अस्पताल बनाया जाएगा। यहां 24 घंटे एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। इसमें आईसीयू ऑन व्हील्स भी शामिल होगा। पहाड़ी रास्तों पर क्विक रिस्पांस मेडिकल टीम (क्यूआरटी) तैनात की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में घायल और बीमार श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

पहाड़ी रास्तों को सुगम बनाने पर जोर
बैठक में लुगु पहाड़ पर मंदिर तक जाने वाले रास्ते को प्राकृतिक चट्टानों के स्वरूप से छेड़छाड़ किए बिना श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने पर जोर दिया गया। पहाड़ के जरूरी स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था के लिए विद्युत विभाग और आयोजन समिति को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश दिया गया। जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी को सीता नाला के आसपास सफाई, झाड़ियों की कटाई और बैठने योग्य स्थान विकसित करने के लिए आवश्यक पहल करने को कहा गया। सुरक्षा बलों के उपयोग के लिए 200 टॉर्च उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।

पार्किंग और यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त
श्रद्धालुओं और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्थायी पार्किंग स्थल चिह्नित करने तथा वाहनों के सुव्यवस्थित ठहराव की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएंगे। मंदिर दर्शन और पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने के साथ मंच के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं जुटने देने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पूरे क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए अतिरिक्त जनरेटर सेट और पहाड़ी इलाकों में रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।

24 नवंबर को मुख्यमंत्री का प्रस्तावित आगमन
24 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए मंच की साज-सज्जा, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रोटोकॉल, साउंड सिस्टम, स्क्रीन डिस्प्ले और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को प्रशासनिक निगरानी में पूरा करने पर सहमति बनी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी आयोजन समिति की है, जबकि जिला प्रशासन आवश्यक सहयोग, संसाधन और समन्वय उपलब्ध कराएगा। आयोजन समिति और प्रशासनिक टीम मिलकर महासम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देगी।

Tags - Luguburu MahasammelanBokaro NewsJharkhand NewsSanthal Sarna DharmaCM Visit