logo

रथ मेला की तैयारियों का आगाज़: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने लिया जायजा 

dps_minister.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और पूर्व वित्त मंत्री सह विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने शुक्रवार को राजधानी रांची के धुर्वा स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता ‘छोटू’, संजीत यादव, कुमुद रंजन, राजेश कुमार यादव, रांची महानगर काली पूजा समिति के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, बबलू वर्मा, अजीत कुमार सिंह, और पासवा वॉलिंटियर्स के सदस्य विशाल सिंह, मेंहुल दुबे, ज्योति सिंह चौहान, शालिनी शर्मा भी मौजूद रहे।

पूजा के उपरांत मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने आगामी 27 जून को आयोजित होने वाले रथ मेला की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि, “इस बार रथ मेला पुराने परंपरागत स्वरूप और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। सरकार की ओर से सभी आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन न केवल आध्यात्मिक महत्व रखता है, बल्कि इसका सामाजिक और सांस्कृतिक पक्ष भी अत्यंत व्यापक है।” उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रथ यात्रा के दिन स्वयं भगवान जगन्नाथ की पूजा करेंगे और रथ खींचने में हिस्सा लेंगे।

विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने बताया कि वह 1974 से लगातार रथ यात्रा में भाग लेते रहे हैं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा से राज्यवासियों की खुशहाली, समृद्धि और गरीबी उन्मूलन की प्रार्थना की। पूजा के बाद मंत्री और अन्य नेताओं ने निर्माणाधीन रथ का निरीक्षण कर तैयारियों पर संतोष जताया। पूजा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई।

मीडिया से बातचीत में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और डॉ. उरांव ने राज्य में अच्छी बारिश की कामना की, ताकि किसानों और आम लोगों को राहत मिल सके।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक कुमार दुबे ने कहा, “धार्मिक आयोजन लोगों को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से जोड़ते हैं। रथ मेला से कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता।” उन्होंने मंत्री से पानी, बिजली, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शौचालय जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं मेले में उपलब्ध कराने का आग्रह किया। साथ ही मेला की नीलामी या टेंडर प्रक्रिया नहीं करने का भी अनुरोध किया, जिससे ग्रामीण इलाकों से आए दुकानदारों को दुकान लगाने में आसानी हो।

कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि इस बार भी कांग्रेस कार्यकर्ता और सामाजिक संगठन जन सेवा हेतु मेले में सक्रिय रहेंगे। वहीं डॉ. राजेश गुप्ता 'छोटू' ने कहा, “आगामी रथ मेला में राज्य की सांस्कृतिक धरोहर की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी।”

पूरे आयोजन में भक्ति, संगठन और समर्पण की अद्भुत छवि देखने को मिली। कांग्रेस के सभी नेताओं ने आम श्रद्धालुओं के साथ पंक्तिबद्ध होकर भगवान जगन्नाथ का भोग ग्रहण किया, जिससे आयोजन को एक सामूहिक और आध्यात्मिक रूप मिला।

Tags - Jharkhand Updates latest Jharkhand News Jharkhand latest news latest jharkhand Updates latest jharkhand News in Hindi Minister Dipika pandey Singh Dipika Pandey Singh Latest jharkhand News in Hindi