रांची
राजधानी रांची से लगे नगड़ी में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है। बता दें कि कल शुक्रवार को सरस्वती पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान यहां दो गुट आपस में भिड़ गये थे। इसके बाद इलाके में धारा 144 लगा दी गयी। अब खबर है कि हालात को नियंत्रित करने के लिए नगड़ी में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। साथ ही यहां पुलिस के आला अधिकारी और प्रशासन के वरीय अफसर मोर्चा संभाले हुए हैं। इन अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जनता से सहयोग की अपील की है और अफवाहों से बचने के लिए कहा है। एक अन्य खबर के मुताबिक नगड़ी बाजार में 500 पुलिस बल की तैनाती की गयी है। बाजार और दुकानों बंद हैं।

कल ऐसे फैला उपद्रव
गौरतलब है कि कल प्रतिमा विसर्जन के दौरान नगड़ी में जुलूस में शामिल लोगों के साथ एक समूह के लोगों की बहस हो गयी। इसके बाद दोनों गुट की ओऱ से पत्थरबाजी होने लगी। देखते ही देखते हालात तनावपूर्ण हो गये। इसके बाद पुलिस बल की तैनाती की गयी। सूचना मिलते ही रांची उपायुक्त, एसएसपी, सिटी और ग्रामीण एसपी सरीखे नेताओं ने यहां पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान दोनों गुटों की ओर से हुई पत्थरबाजी में दो पुलिस कर्मियों सहित अन्य लोग भी घायल हो गये। बहरहाल, स्थिति संभालने में पुलिस बल और अफसरों को आधे घंटे से अधिक का समय लगा। पुलिस बल की तैनाती के बाद इलाके में धारा 144 लगा दी गयी।

स्थानीय युवकों पर आरोप
मिली खबरों के अनुसार दो समूहों में विवाद के बाद कुछ स्थानीय युवकों पर विसर्जन जुलूस पर पत्थर फेंकने का आरोप लगाया है। इसमें दो पुलिस कर्मियों औऱ कुछ अन्य लोगों के घायल होने की खबर है। इधर, रांची उपायुक्त राहुल सिन्हा ने कहा है कि मामले की जांच होगी औऱ इसमें शामिल उपद्रियों को पुलिस अरेस्ट करेगी। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।
