द फॉलोअप डेस्क
देवघर से गुजरात के अहमदाबाद के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने देवघर–अहमदाबाद रूट पर उड़ान संचालन को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। अब केवल नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की औपचारिक मंजूरी शेष है। इसके मिलते ही इस रूट पर नियमित उड़ानें शुरू होने का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा। सूत्रों के अनुसार मंत्रालय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया गया है और जल्द ही अंतिम अनुमति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक अकासा एयरलाइंस ने देवघर–अहमदाबाद रूट पर नियमित उड़ान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। संभावना है कि इसी एयरलाइन को इस रूट के लिए स्लॉट आवंटित किया जाएगा। फिलहाल देवघर एयरपोर्ट पर स्लॉट आवंटन की प्रक्रिया जारी है। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या और एयरपोर्ट की मौजूदा संचालन क्षमता को देखते हुए किसी बड़ी तकनीकी अड़चन की संभावना नहीं है। डीजीसीए की मंजूरी मिलते ही अकासा एयरलाइंस की ओर से उड़ान का शेड्यूल जारी किया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में इस रूट को लेकर अहम सहमति बनी थी। बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे शामिल हुए थे। इस दौरान देवघर एयरपोर्ट के विस्तार, यात्री सुविधाओं के विकास और नई उड़ान सेवाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसी बैठक में अहमदाबाद के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने पर सहमति बनी, जिसके बाद मंत्रालय स्तर पर प्रक्रिया को गति दी गई।

देवघर–अहमदाबाद सीधी उड़ान शुरू होने से देवघर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी देश के प्रमुख औद्योगिक और व्यवसायिक केंद्र अहमदाबाद से सीधे जुड़ जाएगी। गुजरात में संथाल परगना क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में छात्र, कामगार, व्यवसायी और नौकरीपेशा लोगों को इससे सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक और समय बचाने वाली हो जाएगी। नई हवाई सेवा से न सिर्फ यात्रा का समय और खर्च कम होगा, बल्कि देवघर एयरपोर्ट की उपयोगिता बढ़ेगी और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।