logo

हजारीबाग : अल्पिटो पंचायत की मुखिया सुमिता देवी निलंबित, वित्तीय अनियमितता के गंभीर आरोप

SUSPEND252.jpg

जिला प्रशासन की अनुशंसा के बाद विष्णुगढ़ प्रखंड की अल्पिटो पंचायत की मुखिया सुमिता देवी को पद से निलंबित कर दिया गया है। पंचायत राज विभाग द्वारा मंगलवार को जारी आदेश में कहा गया है कि सुमिता देवी और उनके पति धनेश्वर यादव द्वारा मनरेगा, 15वें वित्त आयोग तथा अन्य योजनाओं में नियमविरुद्ध तरीके से क्रियान्वयन कराया गया। इस क्रम में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं पाई गईं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

एक ही खाते में ट्रांसफर की गई योजनाओं की राशि
उपायुक्त हजारीबाग द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि वर्ष 2021-22 के दौरान 15वें वित्त आयोग की 16 योजनाओं के क्रियान्वयन में लाभुक समिति को राशि देने के बजाय पूरी रकम एक ही व्यक्ति नारायण यादव के खाते में स्थानांतरित कर दी गई। इससे पूर्व भी विकास योजनाओं की राशि के व्यय में अनियमितता के तथ्य सामने आए हैं। दस्तावेजों के अवलोकन के आधार पर प्रथम दृष्टया मुखिया सुमिता देवी की संलिप्तता प्रमाणित पाई गई।

स्पष्टीकरण नहीं देने पर सख्त कदम
मुखिया से इस संबंध में 7 दिसंबर 2024 को स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए झारखंड पंचायत राज अधिनियम, 2001 एवं विभागीय आदेशों के तहत उन्हें निलंबित करने का निर्णय लिया। निलंबन के साथ उनकी समस्त प्रशासनिक और वित्तीय शक्तियां भी जब्त कर ली गई हैं। इस प्रस्ताव को राज्य की पंचायत राज मंत्री ने अनुमोदित कर दिया है, जिसके बाद उप निदेशक शैलेश कुमार ने विधिवत आदेश जारी किया।

 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest