पलामू:
पलामू पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के 4 गुर्गों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। मेदिनीनगर सदर एसडीपीओ राजेश यादव की अगुवाई में पुलिस ने 21 वर्षीय सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, 20 वर्षीय मो. सैफ, 19 वर्षीय युसूफ अंसारी और 20 साल के शकील खलीफा को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से 2 जिंदा पिस्टल, 12 राउंड जिंदा कारतूस और स्मार्टफोन जब्त किया है। पुलिस ने चारों बदमाशों को मंगरदाहा घाटी के पास स्थित कचड़ा डिपो इलाके से पकड़ा है।

आरंभिक पूछताछ में मिली अहम जानकारी
आरंभिक पूछताछ में सईद मोसाहिद ने बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं। उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ लहलहे में कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग करने के इरादे से जाने की तैयारी में था। दरअसल, राहुल दुबे गैंग ने कंस्ट्रक्शन कंपनी से लेवी मांगी थी, लेकिन कंपनी ने इनकार कर दिया था। सईद मोसाहिद ने पुलिस को जानकारी दी है कि उन्हें हथियार युसूफ अंसारी ने मुहैया करवाया था। युसूफ अंसारी और वह राहुल दुबे गैंग के सदस्य प्रकाश शुक्ला के संपर्क में थे। सईद मोसाहिद ने खुलासा किया है कि प्रकाश शुक्ला ने कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग के एवज में 1.5-2 लाख रुपया देने का वादा किया था।

पलामू एसपी को मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई
पलामू पुलिस ने गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया है कि 17 नवंबर की रात को एसपी कपिल चौधरी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध हथियारों के साथ संदिग्ध अवस्था में मंगरदाहा घाटी में घूम रहे हैं। किसी बड़े आपराधिक वारदात की आशंका जताई गई थी। उक्त सूचना को संज्ञान में लेकर पलामू एसपी ने सदर मेदिनीनगर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में टीम का गठन किया था। पुलिस ने चारों लड़कों को गिरफ्तार किया है और जब्त किए गये सामानों की सूची बनाई है। चारों लड़कों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी है। गौरतलब है कि चारों आरोपी पलामू जिला के चैनपुर इलाके के रहने वाले हैं।