logo

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा का राज्यव्यापी आयोजन, 595 मंडलों में हुआ सामूहिक योगाभ्यास 

bjp_yoga.jpg

रांची   
झारखंड प्रदेश भाजपा द्वारा 12वीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को राज्य के सभी 595 सांगठनिक मंडलों में व्यापक रूप से मनाया गया। इस दौरान राज्य भर में पार्टी के वरीय नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित कार्यकर्ताओं की इसमें भागीदारी रही। इस दौरान सभी ने योग को दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने रांची महानगर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी रांची स्थित ऑक्सीजन पार्क, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा जमशेदपुर घोड़ाबंधा, रघुवर दास सिदगोड़ा सूर्यमंदिर, चंपाई सोरेन धुर्वा मंडल, मधु कोड़ा जगरनाथपुर चाईबासा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह हरमू पटेल पार्क, केंदीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी चंद्रावती हाई स्कूल डोमचांच, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ आयुष मंत्रालय रांची, विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल अरगोड़ा में योगाभ्यास किया।

योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर

वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, प्रदीप वर्मा, भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, दीपक प्रकाश, डॉ प्रदीप वर्मा, मनोज कुमार सिंह सहित प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक सहित हजारों कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों में योगाभ्यास किया। इस दौरान सभी ने योग की महत्ता पर प्रकाश भी डाला। झारखंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू ने रांची महानगर के गामा सिंह स्मृति सभागार में योगभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग एक ऐसी विधा है, जो केवल तन को ही निरोगी और स्वस्थ नहीं बनाती, बल्कि चारों पुरुषार्थ धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष को सिद्ध करने में सहायक होती है। योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ और सशक्त बनाता है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है।

योग तन और मन दोनों को स्वस्थ रखता है

रांची के ऑक्सीजन पार्क में योगाभ्यास के बाद अपने संबोधन में प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक विरासत है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों ने विश्व पटल पर प्रतिष्ठापित किया है। भारतीय संस्कृति विश्व बंधुत्व का भाव रखती है। भारत के ऋषि मुनियों ने सर्वे भवंतु सुखिन:,सर्वे संतु निरामया का उद्घोष हजारों वर्ष पूर्व किया था लेकिन आज पूरी दुनिया को योग के महत्व के बारे में पता चल रहा है कि कैसे योग तन और मन दोनों को स्वस्थ रखता है। लोग रोज सुबह उठकर आधा घंटा अगर अपने स्वस्थ शरीर के लिए योग करते हैं तो वह बीमारियों से दूर रहते हैं। भाजपा झारखंड प्रदेश के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रांची के हरमू स्थित पटेल पार्क में योगाभ्यास किया। इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो हमें शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन प्रदान करता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि हम सभी संकल्प लें कि योग को केवल एक दिवस के आयोजन तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएंगे तथा स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक भारत के निर्माण में योगदान देंगे।

Tags - International Yoga Day BJP Jharkhand statewide celebration mass yoga practice healthy lifestyle