जमशेदपुर
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित कागलनगर की एक 23 वर्षीय नवविवाहिता रीता महतो ने आत्महत्या कर ली है। घटना गुरुवार की है। मृतका रीता महतो की शादी विगत 29 अप्रैल, 2025 को सोनारी के कागलनगर निवासी चंदन महतो के साथ हई थी। इधर, घटना के बाद मृतका के गम्हरिया थाना क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर स्थित मायके पक्ष की ओर से ससुरालवालों के खिलाफ सोनारी थाना में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
घटना के संबंध में मृतका के भाई शंभू महतो ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। कहना है कि ससुराल वालों ने बाइक की डिमांड की थी, जिसे पूरा नहीं किया गया तो उसकी हत्या कर फांसी पर लटकाया गया। शंभू महतो ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। रीता के भाई शंभू महतो ने बताया कि उसकी बहन को दहेज के लिए लगातार ससुरालवालों के द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वालों की ओर से उससे बाइक की मांग की गयी थी। हमने बाइक की बुकिंग भी कर दी थी, इसी बीच कल उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
दरअसल, गम्हरिया की रहनेवाली रीता महतो और कागलनगर निवासी चंदन महतो के बीच 3 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिवार के सहमति से बीते 29 अप्रैल को दोनों का अरेंज मैरिज कराया गया। शादी के बाद दोनों हनीमून मनाने दार्जिलिंग चले गये। वहां से लौटने के बाद रीता अपने मायके चली गयी। पारिवारिक रीति-रिवाज के अनुसार 12 मई को वह अपने ससुराल गयी थीं। जहां गुरुवार शाम उसने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली। इधर, मृतका के पति चंदन महतो ने दहेज प्रताड़ना के आरोप से इंकार किया है। चंदन महतो का कहना है कि रिता अक्सर बात छुपाती थी। शादी के बाद वे दार्जिलिंग हनीमून मनाने गये थे, तभी अपनी पत्नी की एक अन्य लड़के के साथ आपत्तिजनक तस्वीर देखी थी। इसको लेकर पूछताछ करने पर वह नाराज हो गयी थी और वहां से लौटने के बाद वो अपने मायके चली गयी थी। 12 तारीख को मायके से लौटी थी। गुरुवार को उन्होंने रिता के फोन को फिर चेक किया, जिसमें कुछ ऐसी बातें सामने आयी, जिससे उन्हें लगा कि रिता तनाव में है। चंदन महतो ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि रिता ने आत्महत्या क्यों की, लेकिन उन्हें लगता है कि रिता की मौत के पीछे कोई बड़ा कारण है। घटना के वक्त वह ड्यूटी पर थे। फिलहाल पुलिस ने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पति चंदन महतो, सास सावित्री महतो और ससुर देवेन महतो को आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपी ओल्ड सोनारी एमपी रोड मकान नंबर 8 के रहने वाले हैं। मामला दुल्हन के पिता वैद्यनाथ महतो के बयान पर दर्ज किया गया है।