द फॉलोअप, पाकुड़ः
पाकुड़ के हिरणपुर थाना क्षेत्र के डांगापाड़ा में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। कदमटोला निवासी जन्मजय ठाकुर ईंट लदे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी जान चली गई। घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, जन्मजय ठाकुर मंगलवार को अपने घर से डांगापाड़ा हटिया लिए निकले थे। इसी दौरान हिरणपुर-शहरगांव मुख्य सड़क पर ईंट लदे एक ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जानकारी ली। वहीं, हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराने में जुटी रही। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही के बीच आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
