द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची में सरकारी शराब दुकानों के संचालन को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब प्लेसमेंट एजेंसियों की जगह होमगार्ड के जवान इन दुकानों का संचालन करेंगे। इस संबंध में रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने होमगार्ड के समादेष्टा को पत्र भेजा है।
रांची जिले में कुल 166 खुदरा शराब दुकानें हैं, जिनमें 76 विदेशी शराब की दुकानें, 41 देशी शराब की दुकानें, 49 कंपोजिट (विदेशी + देशी) दुकानें शामिल हैं। इन दुकानों के संचालन के लिए 367 होमगार्ड जवानों की जरूरत बताई गई है।

होमगार्ड जवानों की जरूरत का ब्योरा
विदेशी शराब की 76 दुकानों पर हर दुकान में 3 जवान- कुल 228 जवान
देशी शराब की 41 दुकानों पर 1 जवान- कुल 41 जवान
49 कंपोजिट दुकानों पर 2 जवान- कुल 98 जवान
डीसी के पत्र में यह भी उल्लेख है कि शराब दुकानों की नई संचालन नियमावली लागू होने में करीब 2 महीने का समय लगेगा। तब तक प्लेसमेंट एजेंसियों के जरिए संचालन को लेकर गड़बड़ी की आशंका जताई गई है। इसलिए यह फैसला लिया गया है कि अब इन दुकानों की जिम्मेदारी होमगार्ड जवानों को दी जाएगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और संचालन ठीक से हो सके।
