logo

नीतीश का ड्रीम प्रोजेक्ट गंगा में समाया, 1717 करोड़ की लागत से बन रहा पुल गिरा

1489.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के भागलपुर जिले में रविवार को बड़ा हादसा हुआ है। खगड़िया के अगुवानी-सुल्तानगंज के बीच गंगा नदी पर बन रहे पुल को सीएम नीतीश कुमार का ड्रिम प्रोजेक्ट कहा जा रहा था। यह प्रोजेक्ट गंगा में समा गया। दरअसल गंगा नदी के ऊपर बन रहा यह पुल गिर गया। हालांकि, यह बताया जा रहा है कि आज तो पुल गिरा है, इसका एक स्लैब एक साल पहले ही टूटकर गिर गया था। इसी का नतीजा है कि आज ये पुल गंगा नदी में गिर गया। पुल के तीन पिलर भी नदी में समा गए। जिस वक्त हादसा हुआ, उस वक्त काम बंद हो चुका था। इसके कारण पुल पर कोई मजदूर नहीं था।

पुल निर्माण निगम से मांगी गई है रिपोर्ट

निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना शाम करीब छह बजे हुई है। इस संबंध में भागलपुर डीडीसी कुमार अनुराग का कहना है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन मौके पर है। इस मामले में पुल निर्माण निगम से रिपोर्ट मांगी गई है।

2014 में किया था नीतीश ने शिलान्यास
इस पुल का शिलान्यास सीएम नीतीश कुमार ने 2014 में किया था। जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य वर्ष 2015 से शुरू हुआ। आज के हादसे से पहले भी ये पुल गंगा नदी में गिर चुका है। मालूम हो कि इस पुल के निर्माण का ठेका एसपी सिंगला कंपनी के पास है। इधर पुल गिरने को लेकर स्थानीय जदयू विधायक ललित कुमार मंडल का कहना है कि हम लोग उम्मीद लगाए बैठे थे कि इस पुल का उद्घाटन दिसंबर में हो जाएगा। मगर कई कारणों से ऐसा नहीं हो सकेगा। विधायक ने पुल की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक जांच नहीं हो जाती तब तक कहना मुश्किल है। लेकिन ये घटना दुर्भाग्यचपूर्ण है। पुल के दोबारा गिरने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N