जमशेदपुर
सरायकेला-खरसावां (Saraikela-Kharsawan) जिले के आदित्यपुर (Adityapur) थाना क्षेत्र स्थित कल्पनापुरी श्मशान घाट मैदान में हुए 20 वर्षीय निखिल कुमार डे (Nikhil Kumar Dey) हत्याकांड (Murder Case) में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को परिजन का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। परिजन शव के साथ टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग (Tata-Kandra Main Road) पर उतर आये और सड़क जाम करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गयी। जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए बल प्रयोग (Use of Force) किया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए आदित्यपुर पुलिस ने लात-घूंसों का इस्तेमाल भी किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल है। घटना ने हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर नया बवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। इधर, हत्या के दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

प्रदर्शन के कारण टाटा-कांड्रा मार्ग पर आवागमन प्रभावित
दरअसल, बुधवार को निखिल का शव लेकर परिजन सड़क जाम करने पहुंचे थे। उनका कहना था कि जब तक मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं होता, उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। सड़क पर प्रदर्शन के कारण टाटा-कांड्रा मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पहले परिजनों को समझाकर प्रदर्शन समाप्त कराने का प्रयास किया। इसके बाद स्थिति बिगड़ने और यातायात बाधित होने पर पुलिस ने सख्ती दिखायी। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट किये जाने का आरोप लगा। पुलिस ने लोगों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया।
.jpeg)
पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा
इधर, पुलिस के अनुसार निखिल हत्याकांड में गिरफ्तार गणेश मुर्मू उर्फ डेबो (20) और अजीत सुरेन उर्फ गुडरू (19) से पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है। दोनों ने पुलिस को बताया कि निखिल और करण सुरेन पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन किसी पुराने विवाद के बाद करण उससे रंजिश रखने लगा था। इसी रंजिश में उसने साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनायी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन, खून से सने कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद किये हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात का वीडियो भी मोबाइल से बनाया था। मृतक के पिता सोमनाथ डे के लिखित आवेदन पर करण सुरेन उर्फ डेले और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
