हजारीबाग:
Hazaribagh News: हजारीबाग के बाबा पथ स्थित सुभाष बारला गली में बुधवार की सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की छापेमारी से इलाके में हलचल मच गई। सुबह करीब चार बजे एनआईए की दो टीमें अलग-अलग स्थानों पर पहुंचीं और दो रिश्तेदारों के घरों में जांच शुरू की। एक घर में जांच पूरी करने के बाद टीम वहां से निकल चुकी है, जबकि दूसरे घर में दस्तावेजों और कागजात की जांच जारी है।

उदय साव और प्रदीप साव के घर पहुंची पहली टीम
जानकारी के अनुसार, एनआईए की पहली टीम ने उदय साव और प्रदीप साव के घर पर जांच की। दोनों आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक, पहली टीम एक व्यक्ति को अपने साथ लेकर गई है। हालांकि, उसे हिरासत में लिया गया है या पूछताछ के लिए ले जाया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दूसरे रिश्तेदार के घर भी खंगाले जा रहे दस्तावेज
वहीं, एनआईए की दूसरी टीम मकानों के पीछे मैदान की ओर से एक अन्य रिश्तेदार के घर पहुंची। यहां भी दस्तावेजों और अन्य कागजात की जांच की जा रही है। मौके पर एनआईए के अधिकारियों के साथ हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। कार्रवाई के दौरान कई गाड़ियां भी पहुंचीं। सूत्रों के अनुसार, एक व्यक्ति को साथ लेकर करीब तीन गाड़ियों के निकलने की जानकारी है।

मनी लॉन्ड्रिंग और टेरर फंडिंग से जुड़े मामले की आशंका
सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, एनआईए की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग या आतंकी फंडिंग से जुड़े किसी मामले के संदर्भ में हो सकती है। संबंधित लोग पूर्व में ट्रांसपोर्टिंग के कारोबार से जुड़े रहे हैं। यह भी बताया जा रहा है कि उनके पूर्वज बिहार में कत्था कारोबार करते थे। हालांकि, इन जानकारियों की जांच एजेंसी की ओर से पुष्टि नहीं की गई है।
दूसरे घर में जांच जारी, आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल दूसरे घर में एनआईए की जांच जारी है। छापेमारी के कारणों, संबंधित मामले और साथ ले जाए गए व्यक्ति को लेकर एजेंसी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।