द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले के ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आया है। यहां एक नवविवाहित महिला की शादी के महज एक महीने बाद ही गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि इस जघन्य वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पति और ससुरालवालों ने ही अंजाम दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शादी एक महीने पहले ही पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी। अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरों के साथ लिए गए वचनों की लाज उस समय तार-तार हो गई, जब पति ने ही अपनी पत्नी की जान ले ली। घटना की जानकारी मिलते ही ठाकुरगंगटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। मामले को लेकर मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की साजिश पहले से रची गई थी और इसके पीछे मुख्य साजिशकर्ता खुद दामाद है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपी पति से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। यह घटना न सिर्फ सामाजिक रिश्तों की मर्यादा को सवालों के घेरे में लाती है, बल्कि महिला सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है।
