द फॉलोअप डेस्क
झारखंडवासियों के लिए रेल सेवाओं से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। रांची से लखनऊ के बीच एक नई ट्रेन शुरू होने जा रही है, जो पलामू और अयोध्या मार्ग होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। वहीं रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस अब प्रतिदिन चलाई जाएगी। सप्ताह में तीन दिन यह लोहरदगा–पलामू मार्ग से और चार दिन हजारीबाग–कोडरमा होते हुए दिल्ली जाएगी। यह फैसला तब आया जब पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम के नेतृत्व में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल और चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। बैठक में मंत्री ने रांची-लखनऊ नई ट्रेन, राजधानी एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने और अन्य रेल मांगों पर सहमति देते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस फिर शुरू होगी
मुलाकात के दौरान कोहरे के चलते रद्द की गई झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को पुनः शुरू करने का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर रेल मंत्री ने सहमति व्यक्त की है। यह ट्रेन पलामू क्षेत्र के लिए जीवनरेखा मानी जाती है। झारखंड से लखनऊ के लिए सीधी रेल सेवा की मांग काफी लंबे समय से उठ रही थी। सांसदों को मिले सकारात्मक संकेतों के बाद उम्मीद है कि आने वाले कुछ महीनों में नई ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा। सांसद विष्णुदयाल राम ने बताया कि रांची–लखनऊ ट्रेन और राजधानी एक्सप्रेस के प्रतिदिन संचालन पर रेल मंत्री की सहमति मिल चुकी है। अभी राजधानी एक्सप्रेस पलामू क्षेत्र से सप्ताह में केवल दो दिन गुजरती है, जो अब तीन दिन हो जाएगी।
