द फॉलोअप डेस्क
झरिया क्षेत्र के अंतर्गत राजापुर उत्खनन परियोजना में शनिवार को जनता मजदूर संघ असंगठित (बच्चा गुटके) शाखा के नए पदाधिकारियों का मनोनयन महामंत्री अभिषेक सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर बच्चा सिंह शाहबादी को शाखा अध्यक्ष तथा रत्नेश कुमार यादव को सचिव के रूप में मनोनीत किया गया। साथ ही सर्वसम्मति से अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी समिति के सदस्यों का चयन भी किया गया।
चयनित पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष के रूप में संजीव सिंह, भीम चौहान, सोनू चौहान, हरि धाम भुइया और भोला यादव शामिल हैं। सह सचिव पद पर दीपक यादव और बजरंगी सिंह, संगठित सचिव के रूप में मिथिलेश यादव और राजेश सिंह तथा कोषाध्यक्ष पद पर मारकंडेय सिंह और मधु मुखर्जी को जिम्मेदारी दी गई। कार्यकारिणी समिति में सोनी देवी, झाल देवी, मुन्ना सिंह और गौरी देवी को सदस्य बनाया गया।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष बच्चा सिंह शाहबादी ने कहा कि मजदूरों के हित में किसी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय लोगों को हर हाल में रोजगार मुहैया कराना होगा। वहीं नवनियुक्त सचिव रत्नेश कुमार यादव ने आउटसोर्सिंग कंपनियों के मालिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे सरदार नहीं, बल्कि मजदूरों के पहरेदार बनकर कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि मजदूरों की समस्याओं का समाधान शीघ्र होना चाहिए ताकि गरीब मजदूर राहत की सांस ले सकें। इस कार्यक्रम में सभी नवचयनित पदाधिकारियों ने मजदूरों के हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।