रांची:
बीजेपी विधायक नीरा यादव ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। उन्होने कहा कि महिला आरक्षण पर विपक्ष की कारगुजारियों को लोगों तक पहुंचाने का समय आ गया है। नीरा यादव ने कहा कि बीजेपी महिला सशक्तिकरण, संतुलित प्रतिनिधित्व और लोकतंत्र की मजबूती के प्रति प्रतिबद्ध है और इसलिए 16-18 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया था, ताकि सर्वसम्मति से इतिहास रचा जा सके। पीएम मोदी ने विपक्ष से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग मांगा था। पूर्व मंत्री ने कहा कि यदि कोई नीति दलगत भावना से ऊपर उठकर बनती है तो वह राजनीति नहीं बल्कि राष्ट्रनीति बन जाती है। नीरा यादव ने कहा कि विशेष सत्र में कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने अपना नकारात्मक राजनीतिक चरित्र दिखाया।

बिल पास नहीं होने का जश्न मनाना धूर्तता
पूर्व मंत्री नीरा यादव ने कहा कि विधेयक पास नहीं होने पर जश्न मनाना, हैरान करता है। राहुल गांधी 20 मिनट के अपने संबोधन में कार्टून की बात करते हैं, लेकिन महिलाओं पर कुछ नहीं कहते। कांग्रेस के जश्न का एनडीए समेत देश की महिलाओं ने विरोध किया तो चोरी पकड़े जाने पर विपक्ष ने घड़ियाली आंसू बहाना शुरू किया। नीरा यादव ने कहा कि कांग्रेस की महिला नेता धरना देने और पीएम को पोस्टकार्ड भेजकर अपना दलीय धर्म निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि नेता को बचाना उनकी दलीय मजबूरी हो सकती है, लेकिन यदि दिल इसकी गवाही नहीं देता तो चुप रहने का रास्ता अख्तियार करना बेहतर रहेगा।

अधिनियम देशभर की महिलाओं के लिए था!
नीरा यादव ने कहा कि क्या अधिनियम केवल एनडीए की महिलाओं के लिए था। क्या इसका लाभ देशभर की महिलाओं को नहीं मिलता। नीरा यादव ने कहा कि अधिनियम के विरोध के पीछे कांग्रेस ने परिसीमन का बहाना बनाया, लेकिन उनको यह बताना चाहिए कि क्या बिना परिसीमन आरक्षण संभव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जरूरी और ऐतिहासिक अवसर खो दिया है। हालांकि, हम आश्वस्त करना चाहते हैं कि जब तक प्रधानमंत्री मोदी हैं और केंद्र में एनडीए की सरकार है, महिलाओं को चिंता की जरूरत नहीं।