द फोलोअप डेस्कः बोकारो
बिहार की छात्रा ने बोकारो में आत्महत्या कर ली। छात्रा बोकारो के तेनुघाट जवाहर नवोदय विद्यालय में पढ़ाई कर रही थी। छात्रा का शव स्कूल के हॉस्टल से बरामद किया गया है। छात्रा, पटना के पालीगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत सिकरिया गांव की रहने वाली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी। छात्रा ने आत्महत्या कैसे की, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह, पेटरवार सीओ अशोक कुमार राम और जरीडीह सर्किल इंस्पेक्टर शंकर कामती स्कूल पहुंचे और जरूरी जानकारियां ली। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आत्महत्या के वजहों का पता लगाने में जुट गई है। इधर, छात्रा की आत्महत्या के बाद स्कूल में छात्र-छात्राओं के बीच बेचैनी का माहौल है।

छात्रों ने प्रिंसिपल को दी थी जानकारी
घटना को लेकर तेनुघाट नवोदय स्कूल के प्राचार्य ने बताया कि उन्हें हॉस्टल के कुछ छात्रों ने सूचना दी कि छात्रा ने बाथरूम में सुसाइड कर लिया है। जानकारी मिलने पर शिक्षक वहां पहुंचे तो छात्रा को गिरा हुआ पाया। आनन-फानन में छात्रा को तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया जहां जांच के बाद चिकित्सक शंभू कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि छात्रा का दाखिला पहले अरवल स्थित नवोदय विद्यालय में हुआ था लेकिन वहां कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की व्यवस्था नहीं होने की वजह से उसे माइग्रेशन के तहत तेनुघाट भेजा गया था। प्राचार्य ने बताया कि सिकरिया गांव में रह रहे छात्रा के परिजनों को सूचना दी गई है