द फॉलोअप टीम, रांचीः
साहिबगंज एसीप नौशाद आलम बुधवार यानी आज ईडी दफ्तर में हाजिर नहीं होंगे। नौशाद आलम के द्वारा ईडी को पत्र भेज कर दूसरी तारीख मांगी गई है। जानकारी के मुताबिक नौशाद आलम ने पत्र में लिखा है कि उन्होंने पुलिस मुख्यालय से मामले को लेकर सुझाव मांगा है। ऐसे में उन्हें कुछ दिनों का समय दिया जाए और पूछताछ के लिए दूसरी तारीख तय की जाए। बताया जाता है कि नौशाद आलम से यह पूछताछ साहिबगंज में हुए 1000 करोड़ रुपये के अवैध खनन और मनी लॉन्ड्रिंग केस के सिलसिले में की जाएगी। एसपी नौशाद आलम पर आरोप है कि उन्होंने अवैध खनन और मनी लॉन्ड्रिंग केस में गवाह रहे विजय हांसदा पर दबाव बनाया था।

नौशाद आलम ने बुक करवाया था टिकट
नौशाद आलम पर आरोप है कि उन्होंने ईडी के गवाह विजय हांसदा पर गवाही से मुकरने का दबाव बनाया। उसके दिल्ली आने-जाने की व्यवस्था की। दिल्ली जाने के लिए रांची पुलिस केंद्र के सार्जेंट के जरिए टिकट बुक कराया।

पहले रांची के ग्रामीण एसपी थे नौशाद आलम
बता दें कि रांची के पूर्व ग्रामीण एसपी रहे नौशाद आलम को हाल ही में साहिबगंज जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया था। नौशाद आलम को प्रवर्तन निदेशालय ने आज 11 बजे तक जोनल कार्यालय में पेश होने को कहा था। बता दें कि अवैध खनन, जमीन घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग केस में कई आईएएस अधिकारियों से पूछताछ हो चुकी है लेकिन इस केस के सिलसिले में ईडी के सवालों का सामना करने वाले नौशाद आलम पहले आईपीएस अधिकारी होंगे। बताया जाता है कि इसमें रांची पुलिस के भी कई अधिकारियों की बड़ी भूमिका है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N