डेस्क:
बोकारो निवासी 71वीं राजपूत बटालियन के नायब सूबेदार अमरेंद्र कुमार 457 फील्ड हॉस्पिटल ऐजवाल (मणिपुर) में पोस्टेड थे। अमरेंद्र कुमार बीते रविवार से ही लापता हैं। झारखंड के बोकारो जिला के रहने वाले अमरेंद्र के घर में उनके लापता होने की खबर मिलने के बाद से दुख का माहौल है।
परिवार में बूढ़ी मां और पत्नी की आंखों में आंसू हैं। बूढ़ी मां लगातार हाथ जोड़े बेटे के सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रही है। गांव वाले भी परिवार के दुख में शरीक हो रहे हैं।

सेना का सर्च ऑपरेशन जारी
सेना ने परिवार वालों को बताया है कि सर्च ऑपरेशन जारी है। जल्दी ही अमरेंद्र को ढूंढ़ लिया जायेगा। हालांकि, 50 घंटे से भी ज्यादा वक्त बीत जाने के बाद घरवाले किसी अनहोनी की आशंका से घबरा रहे हैं। अभी तक अमरेंद्र की तलाश में लगे जवानों को उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सूबेदार अमरेंद्र कुमार पत्नी और अपने 2 छोटे बच्चों तथा सास-ससुर के साथ बोकारो के सेक्टर-6D स्थित आवास में रहते हैं। यहां भी बच्चे पिता के लिए परेशान हो रहे हैं।
रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता
लापता नायब सूबेदार अमरेंद्र कुमार की पत्नी ने बताया कि रविवार को कमांडिंग ऑफिसर ने फोन पर बताया कि उनके पति जब लखीमपुर नॉर्थ फ्रंट सारलेक माउंटेन से अपने बॉडीगार्ड और अन्य साथियों के साथ लौट रहे थे। बीच में वे टॉयलेट करने के लिए उतरे लेकिन फिर वापस नहीं लौटे। मंगलवार को कमांडिंग ऑफिसर ने बतया कि अभी तक सूबेदार को खोज कर नहीं निकाला जा सका है। वहां मौसम भी बहुत खराब है। उनको ढूंढ़ने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।