logo

बारिश के बीच रांची के मेन रोड में निकला मुहर्रम का मातमी जुलूस, पुलिस भी दिखी मुस्तैद

suresh_baitha321.jpg

रांची 
रांची में आज मुहर्रम के मौके पर ऐतिहासिक मातमी जुलूस निकाला गया। मेन रोड पर जब जुलूस बढ़ रहा था, उसी दौरान झमाझम बारिश भी शुरू हो गई। लेकिन बारिश ने ना तो श्रद्धालुओं के जोश में कोई कमी की और ना ही मातम की परंपरा को रोका। लोग भीगते हुए इमाम हुसैन की शहादत को याद करते नजर आए। जगह-जगह से पहुंचे  निशान और अखाड़ों का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया।
जुलूस में 'या हुसैन' की सदाएं गूंजती रहीं। मेन रोड समेत शहर के कई इलाकों से मुस्लिम समाज के लोग बाजे-गाजे के साथ सीनाजनी करते और जंजीरी मातम में शरीक होते दिखे। कई जगहों पर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक की दिशा बदली गई थी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।


कर्बला की याद में बहा खून, गूंजे ‘या हुसैन’ के नारे
पैगंबर मोहम्मद के नवासे इमाम हुसैन की याद में मनाया जाने वाला मुहर्रम मुस्लिम समुदाय के लिए गम और सब्र का महीना होता है। इस्लामी इतिहास के अनुसार दस मुहर्रम को कर्बला की ज़मीन पर यजीद की फौज से लड़ते हुए इमाम हुसैन शहीद हुए थे। इसीलिए इस दिन को शहादत के दिन के तौर पर याद किया जाता है।
अंजुमन इस्लामिया से जुड़े शाहीन अहमद ने बताया कि माविया की मौत के बाद यजीद सत्ता पर बैठा और उसने इमाम हुसैन से अपनी बैत लेने की मांग की। लेकिन इमाम हुसैन ने यजीद को खलीफा-ए-रसूल मानने से इंकार कर दिया। इसके बाद उन पर जुल्म की एक लंबी दास्तान शुरू हुई।

हजरत ज़ैनब ने संभाली जंग के बाद की कमान
इमाम हुसैन जब मदीना से निकले, तब उनके साथ महिलाएं और बच्चे भी थे। सफर के दौरान उन्हें मुसलिम बिन अक़ील और उनके बेटों की शहादत की खबर मिली। फिर कर्बला के मैदान में उन्हें यजीद की फौज ने रोक लिया। सातवीं मुहर्रम से उन्हें और उनके परिवार को पानी भी नहीं दिया गया। दसवीं मुहर्रम को युद्ध हुआ जिसमें इमाम हुसैन शहीद हो गए। 
हुसैन की शहादत के बाद भी कर्बला का संघर्ष खत्म नहीं हुआ। हजरत ज़ैनब और अन्य महिलाओं ने इस जुल्म के खिलाफ आवाज़ उठाई और कर्बला की दास्तान को आने वाली नस्लों तक पहुंचाया। वाकिया-ए-कर्बला आज भी इस बात की मिसाल है कि सच्चाई और इंसाफ के रास्ते पर चलना कितना कठिन लेकिन ज़रूरी होता है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest