द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड एटीएस को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात गैंगस्टर सुशील श्रीवास्तव के बेटे गैंगस्टर अमन श्रीवास्तव को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि यह गिरफ्तारी एटीएस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गयी है। अमन श्रीवास्तव को रांची लाया जा रहा है। झारखंड के 6 ज़िले रांची, रामगढ़, चतरा, लोहरदगा, हजारीबाग और लातेहार में गैंस्टर अमन श्रीवस्तव के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह व्यवसायियों को डरा धमकाकर रंगदारी मांगा करता था। मना करने पर जान से मरने की धमकी दिया करता था। आपको बता दें साल 2022 के जनवरी महीने में 17 तारीख को अमन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। दर्ज किये गए मुकदमे में अमन श्रीवास्तव सहित 15 आरोपियों को शामिल किया गया था।

23 मामलों में आरोपी है अमन
पुलिस मुख्यालय की तरफ से अमन श्रीवास्तव की गिरफ्तारी को लेकर पुष्टि की गई है। पुलिस मुख्यालय ने प्रेस कांन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि 7-8 सालों से आतंक का पर्याय रहा गैंगस्टर अमन श्रीवास्तव कुल 23 जघन्य अपराध घटनाओं में वांछित था। जिसमें हत्या के दो, हत्या के प्रयास का 4, रंगदारी के 13, आर्म्स एक्ट के दो, यूएपी एक्ट का भी एक कांड शामिल है। इसके अतिरिक्त अमन श्रीवास्ताव गैंग के विरुद्ध राज्य के अन्य जिलों में और भी कई कांड दर्ज है। गैंगस्टर अमन राज्य के कोयला उत्खनन क्षेत्र एवं विकास योजनाओं में कार्यरत कंपनियों एवं कारोबारियों के बीच भय का आतंक का माहौल बनाकर रंगदारी की मांग करता था। रंगदारी के लिए फायरिंग एवं अन्य घटना को अंजाम देता था। इसके कृत्य से व्यवस्सायी एवं आम जनता के बीच भय का माहौल बना रहता था।

दूसरे राज्यों से चला रहा था गिरोह
तकनीकी रूप से दक्ष अमन श्रीवास्तव अन्य राज्यों तेलंगाना, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गुजरात एवं मध्य प्रदेश में ठिकाना बना कर अपनी कार्रवाई को अंजाम दे रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए झारखंड पुलिस लगातार प्रयासरत थी। इसके कांड को देखते हुए पुलिस मुख्यालय झारखंड की तरफ से इसकी गिरफ्तारी की जिम्मेवारी मुख्य रूप से एटीएस झारखंड को दी गई थी। एटीएस झारखंड द्वारा अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पिछले कई सालों से उसकी गतिविधि का विश्लेषण करने के बाद उसके मुंबई में होने सूत्र मिलने के बाद झारखंड एटीएस की टीम को मुंबई भेजी गई। जहां महाराष्ट्र एटीएस के सहयोग से कुख्यात गैंगस्टर अमन श्रीवास्तव को कल यानी 15 मई की शाम को गिरफ्तार किया गया। आज उसे मुंबई न्यायालय के सामने पेश किया गया। न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे रांची लाया जा रहा है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT