logo

MMCH में मरीज का ऑनलाइन झाड़-फूंक, डॉक्टर के हस्तक्षेप के बाद रोका गया तंत्र-मंत्र

रपोोी2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) में एक अजीब मामला सामने आया है, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीज के परिजन अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ही ऑनलाइन झाड़-फूंक करवा रहे थे। डॉक्टर के हस्तक्षेप और चेतावनी के बाद परिजनों ने यह प्रक्रिया बंद की। जानकारी के अनुसार, लातेहार जिले के बरवाडीह निवासी संतन भुईयां की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उनका ब्रेन पैरालाइज हो गया था। गांव में पहले से ही उसके परिजन तांत्रिक के कहने पर झाड़-फूंक करवा रहे थे, लेकिन स्थिति और गंभीर होने पर बुधवार को परिजन उन्हें MMCH लेकर पहुंचे।


अस्पताल में संतन को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे थे। इसी दौरान परिजन गांव के ही एक तांत्रिक से वीडियो और ऑडियो कॉल के माध्यम से मरीज का झाड़-फूंक करा रहे थे। रूटीन विजिट पर इमरजेंसी वार्ड पहुंचे डॉ. आर.के. रंजन ने जब यह दृश्य देखा, तो उन्होंने तुरंत परिजनों को समझाने की कोशिश की। लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद डॉक्टर ने उन्हें कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी, जिसके बाद परिजनों ने तंत्र-मंत्र कराना बंद किया।


डॉ. आर.के. रंजन ने बताया कि परिजनों को समझा दिया गया है और फिलहाल संतन भुईयां का इलाज जारी है। उनकी हालत पर मेडिकल टीम लगातार नजर बनाए हुए है।