द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक सह हटिया विधायक नवीन जायसवाल सोमवार को सपरिवार राजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां का दर्शन किया और राज्य की जनता के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। राजरप्पा आगमन पर रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि सह रामगढ़ विधानसभा के युवा नेता राजीव जायसवाल ने विधायक नवीन जायसवाल को मां छिन्नमस्तिका का मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। मीडिया से बातचीत में विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि मां छिन्नमस्तिका के दरबार में सपरिवार आकर दर्शन करने का अवसर मिला। उन्होंने मां से झारखंडवासियों के उज्ज्वल भविष्य, खुशहाली और राज्य के विकास की प्रार्थना की।
इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों का लगातार दोहन कर रही है और राज्य को आर्थिक व प्रशासनिक रूप से कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार बढ़ा है और अधिकारियों की पोस्टिंग में खुलेआम लेन-देन हो रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है। सरकार जनता के विश्वास पर खरी नहीं उतर रही है। इस अवसर पर गोला़ मंडल सांसद प्रतिनिधि प्रीतम झा, बरलंगा मंडल सांसद प्रतिनिधि मानुष बेड़िया, युवा नेता सूरज कुमार, सोनू सोनी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
