logo

लोहरदगा डीसी की फर्जी फेसबुक आईडी से फैलाए जा रहे भ्रामक संदेश, प्रशासन ने सतर्क रहने को कहा

ूोीो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले में असामाजिक तत्वों द्वारा जिला उपायुक्त कुमार ताराचंद के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस फेक आईडी के जरिए उपायुक्त के नाम और पद का हवाला देकर लोगों को भ्रामक और गुमराह करने वाले संदेश भेजे जा रहे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, उक्त फर्जी आईडी से सीआरपीएफ अधिकारी का पुराना फर्नीचर बेचने से संबंधित संदेश प्रसारित किया जा रहा है, जो पूरी तरह असत्य है। प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि ऐसे किसी भी संदेश पर विश्वास न करें और न ही कोई प्रतिक्रिया दें।


मामले की जानकारी सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से सतर्क और सजग रहने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त कुमार ताराचंद की ओर से इस तरह का कोई फेसबुक अकाउंट या संदेश जारी नहीं किया गया है। यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार का फेक संदेश प्राप्त होता है, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। फर्जी आईडी बनाकर दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब किसी प्रशासनिक अधिकारी की फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाई गई हो। इससे पहले भी राज्य में डीजीपी से लेकर विभिन्न जिलों के उपायुक्त और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फेक सोशल मीडिया अकाउंट बनाए जा चुके हैं। इन माध्यमों से लोगों को भ्रमित करने, ठगी करने या गलत सूचना फैलाने के प्रयास किए गए हैं। प्रशासन ने एक बार फिर नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी सरकारी अधिकारी के नाम से आने वाले संदेशों की सत्यता की पुष्टि किए बिना उस पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।