logo

मिरुडीह हाट में महिला की चाकू घोंपकर हत्या, विवाद के बाद वारदात

मिरुडीह हाट में महिला की चाकू घोंपकर हत्या, विवाद के बाद वारदात

द फॉलोअप डेस्क:

Seraikela Kharsawan: रोजी-रोटी की तलाश में घर से दूर रह रही 32 वर्षीय महिला की रविवार देर शाम मिरुडीह साप्ताहिक हाट में हत्या कर दी गयी। मृतका की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी राधिका सवैया (Radhika Sawaiya) के रूप में हुई है। वह मिरुडीह (Mirudih) में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करती थी। पुलिस के अनुसार, किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने उस पर चाकू से कई वार कर दिये। गंभीर रूप से घायल राधिका को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

विवाद के बाद महिला पर चाकू से हमला

मामला सरायकेला-खरसावां जिले के आरआइटी थाना क्षेत्र स्थित मिरुडीह साप्ताहिक हाट का है। पुलिस के अनुसार, रविवार देर शाम राधिका का किसी बात को लेकर एक व्यक्ति से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और हमलावर ने राधिका पर चाकू से कई वार कर दिये। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।

अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग राधिका को जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही आरआइटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। थाना प्रभारी रविकांत पराशर के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आपसी या पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ हमलावर की पहचान करने में जुटी है। वहीं, मृतका के शव को टीएमएच के शीतगृह में रखा गया है। फिलहाल पुलिस के सामने हत्या की वजह का पता लगाने और हमलावर तक पहुंचने की चुनौती है।

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News Mirudih murder case Radhika Sawaiya murder Seraikela Kharsawan crime news