द फॉलोअप डेस्कः
किसान मेला देखने गेतलसूद आई एक नाबालिग लड़की का शव सोमवार को उसकी सहेली के घर से मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि पैका निवासी स्व लखीन्द्र महतो की बेटी शिखा कुमारी (14) 9 फरवरी को अपनी सहेली के साथ गेतलसूद में आयोजित किसान मेला देखने आई थी, इसके बाद वह सहेली के घर में ही मुंडाटोली सिरका में ही रुक गई ।

पेट दर्द के बाद स्थानीय वैद्य
सोमवार को उसकी मां रीता देवी को सूचना मिली कि शिखा की मौत हो गई है। परिजन जब सिरका पहुंचे तो शव में चोट के निशान मिले, पूछने पर बताया गया कि चोट गिरने के कारण लगी थी। इसके बाद पेट दर्द हुआ, इलाज गांव के वैद्य से कराया गया। बाद में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना अनगड़ा पुलिस को दी। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा।

क्या कहती है पुलिस
अनगड़ा थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी प्रभात कुमार बेक ने बताया कि परिजनों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। साथ ही मृतका की सहेली व संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। शिखा कुमारी की मौत पूरी तरह से संदेह के घेरे में है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। तीन दिनों से शिखा बीमार थी। इसकी सूचना परिजनों को क्यों नहीं दी गई। चोट के निशान किस कारण से थे। कोई अप्रिय घटना तो नहीं हुई। अचानक से पेट दर्द होना कहीं मामले को भटकाने का प्रयास तो नहीं है। अनुसंधान के बाद ही सच्चाई सामने आएगी